जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। लारू इलाके में सोमवार, 16 नवंबर को हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का वांछित कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है।
CRPF हमले से जुड़ रहे तार
बताया जा रहा है कि दोनों आतंकी 11 नवंबर को कुलगाम के अखरन इलाके में CRPF की नाका पार्टी पर हुए हमले में शामिल थे। उस हमले में आतंकियों ने कुछ ही सेकंड में ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। हमले के बाद आतंकी मौके से भाग निकले थे।
पांच दिन से चल रही थी तलाश
हमले के बाद से ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और CRPF की संयुक्त टीमें इलाके में लगातार तलाशी अभियान चला रही थीं। लारू इलाके में आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने घेराबंदी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुरक्षा एजेंसियां लतीफ भट को दक्षिण कश्मीर में कई आतंकी वारदातों से जोड़कर देख रही थीं। दूसरे आतंकी की पहचान और मुठभेड़ से जुड़ी बाकी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।



