छठ महापर्व के दौरान जब पूरा परिवार घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दे रहा था, उसी वक्त चोरों ने उनके घर पर हाथ साफ कर दिया। घटना पटना के संपतचक इलाके के चक बैरिया गांव की है। परिवार के मुताबिक, चोर करीब दो करोड़ रुपये के सोने के गहने और 50 हजार रुपये नकद ले गए।
लौटे तो बिखरा पड़ा था सामान
सोमवार सुबह परिवार बैरिया सूर्य मंदिर घाट पर अर्घ्य देने गया था। लौटकर देखा तो मुख्य गेट का ताला टूटा था और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी, ट्रंक, बक्से और दीवान-पलंग तक खंगाले गए थे, और गहनों के डिब्बे खाली मिले। चोरी गए गहने घर की महिलाओं के थे। परिवार ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
चांदी को छुआ तक नहीं
इस वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने घर में रखे चांदी के गहनों और बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया और सिर्फ सोना और नकदी लेकर फरार हो गए। इससे पुलिस को आशंका है कि चोरों को घर के बारे में पहले से जानकारी हो सकती है।
CCTV खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने पर गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार मौके पर पहुंचे। जांच के लिए FSL टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एक पड़ोसी के घर के कैमरे में कुछ संदिग्ध गतिविधि कैद होने की बात सामने आई है, जिसकी जांच हो रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Bihar4News की सलाह: त्योहार या शादी में घर खाली छोड़कर जाएं तो कीमती गहने बैंक लॉकर में रखें, पड़ोसियों और नजदीकी थाने को जानकारी दें और हो सके तो घर पर CCTV लगवाएं।



